अमृतसर में केमिस्टों की हड़ताल का असर
Punjab ujala news : आज देशभर में मेडिकल स्टोर और दवा की दुकानें बंद रहने से आम लोगों को भारी परेशानी हुई। मरीजों और उनके परिजनों को जरूरी दवाओं के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा, लेकिन ज्यादातर मेडिकल स्टोर बंद होने से लोगों को निराश होकर घर लौटना पड़ा। कई जगहों पर लोग मेडिकल स्टोर के बाहर खड़े दिखे, लेकिन बंद होने की वजह से उन्हें दवाएं नहीं मिल पाईं।
पंजाब के अमृतसर में भी इस बंद का बड़ा असर देखने को मिला। अमृतसर का कटरा शेर सिंह इलाका, जो दवाओं का सबसे बड़ा होलसेल मार्केट माना जाता है, पूरी तरह सुनसान रहा। अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन ने बंद का ऐलान पहले ही कर दिया था, जिसकी वजह से शहर की लगभग सभी मेडिकल दुकानें बंद रहीं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि यह बंद रात 12 बजे तक जारी रहेगा।
मीडिया से बात करते हुए अमृतसर केमिस्ट एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी मनजीत सिंह ने कहा कि यह हड़ताल पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन और ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर की गई है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन फार्मेसी कंपनियां भारी डिस्काउंट पर दवाएं बेच रही हैं, जिससे छोटे दुकानदारों के बिजनेस पर बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना सही वेरिफिकेशन के दवाएं बेची जा रही हैं, जिससे नकली दवाओं का खतरा भी बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब सरकार जो नई पॉलिसी ला रही है, उससे आने वाले समय में केमिस्टों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। एसोसिएशन के मुताबिक, ऑनलाइन नेशनल ड्रग लाइसेंस पोर्टल में भी कई टेक्निकल कमियां हैं, जिससे दुकानदार परेशान हैं।
