Punjab : आसपास के गांवों के लिए खोल दें शम्भू बाॅर्डर
Punjab ujala news : लगभग चार महीने से ज्यादा समय से नेशनल हाईवे पर शम्भू बाॅर्डर पर मांगों को लेकर धरना दे रही किसान जत्थेबंदियों से सड़क खोलने का आग्रह करने के लिये शम्भू बाॅर्डर के आसपास के लगभग दो दर्जन से ज्यादा गांवों के लोगों ने किसान नेता सवरन सिंह पंधेर से मिलकर उन्हें मांगपत्र दिया है। मांगपत्र देते हुये मिंटू गिल व मोनू राणा आदि ने बताया कि लगभग चार महीने से किसानों के धरने के चलते नेशनल हाईवे बंद होने के कारण नजदीक के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि शम्भू के नजदीकी गांवों के लोगों का ज्यादातर सम्पर्क हरियाणा के साथ लगते अम्बाला से है। बच्चे स्कूल आदि में पढ़ने के लिये जाते हैं और कोई व्यक्ति बीमार हो जाता है तो उसे भी अम्बाला में अस्पताल नज़दीक होने के कारण वहां ले जाना पड़ता है। इसके अलावा, दिहाड़ीदार लोगों को भी अब साइकिल आदि से लगभग 10 किलोमीटर लम्बा रास्ता तय कर अम्बाला जाना पडता है। कुछ दिन बाद बारिशें शुरू हो जाने के कारण साथ लगते रास्ते भी बंद हो जायेंगे, जिससे उन्हें और भी परेशानी हो सकती है। ग्रामीणों ने मांगपत्र में कहा कि किसान आंदोलन के चलते उन्होंने सभी किसान साथियों का हर प्रकार का सहयोग किया है, इसलिये साथ लगते गांवों के लोगों को आ रही परेशानी को देखते हुये किसान नेताओं को रास्ता खोलने का कोई न कोई प्रबंध करना चाहिए। पत्रकारों के सवाल पर ग्रामीणों ने कहा कि अगर रास्ता न खोला गया तो वे मीटिंग कर कोई सख्त फैसला लेंगे।
