कंचनजंगा एक्सप्रेस से टकराई मालगाड़ी, 5 लोगों की मौत-30 घायल
Punjab ujala news : पश्चिम बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी के पास स्थित रंगापानी स्टेशन पर सोमवार (17 जून) की सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया. हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20-25 लोग घायल हैं. कंचनजंगा एक्सप्रेस अगरतला (त्रिपुरा) से चलती है और सियालदह (पश्चिम बंगाल) जाती है.
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह 9.30 बजे हुआ. जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास मालगाड़ी ने ट्रेन नंबर 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण ती कि कंचनजंगा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की तमाम टीमें रेस्क्यू में जुट गई हैं, घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर रेल हादसे पर दुख जताया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा, NFR जोन में बहुत दुखद हादसा हुआ है. रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है. रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर काम कर रही हैं. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं.
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हादसे की जानकारी देते हुए दुख जताया. ममता बनर्जी ने कहा, अभी अभी दार्जिलिंग जिले के फांसीदेवा क्षेत्र में एक दुखद रेल दुर्घटना की खबर सुनकर स्तब्ध हूं. अभी और जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है. कंचनजंगा एक्सप्रेस मालगाड़ी से टकरा गई. सहायता के लिए डीएम, एसपी, डॉक्टरों, एम्बुलेंस और आपदा टीमों को घटनास्थल पर भेजा गया है. युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.
