जालंधर की मकसूदा सब्जी मंडी में हंगामा
Punjab ujala news : जालंधर में मकसूदा सब्जी मंडी में आज यानी सोमवार को सुबह फड़ी वालों ने जमकर हंगामा किया। वे मंडी से बाहर निकल कर रोड पर आ गए और सारा जाम कर दिया। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद उनका धरना रोड से उठवा कर मंडी के गेट पर करवा दिया गया।
बता दें कि मकसूदा सब्जी मंडी जिले की सबसे बड़ी मंडी है। इससे पूरे शहर में सब्जी सप्लाई आज बाधित है। क्योंकि सभी फड़ी वालों ने आज सब्जी नहीं बेची और मेन गेट बंद कर दिया। बता दें कि मकसूदा सब्जी मंडी से मोगा, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला सहित विभिन्न राज्यों में सब्जियों की सप्लाई जाती है।
मंडी की जगह ठेके पर दिए जाने का विरोध
मिली जानकारी के अनुसार मकसूदा सब्जी मंडी में फड़ियों को ठेके पर देने के मामले में फड़ी वालों में रोष है। इसके विरोध में मकसूदा सब्जी मंडी फड़ी एसोसिएशन ने मंडी का गेट बंद कर धरना शुरू कर दिया। बोर्ड द्वारा मंडी में फड़ी लगने वाली जगह को ठेके पर दिया जाना था। इसे लेकर रोड मैप काफी समय पहले ही बन गया था। इसको इन्हीं दिनों में लागू करने के आदेश हुए थे। इसी के विरोध में आज धरना प्रदर्शन किया गया।
