आईएएस पूजा खेडकर पर बड़ी कार्रवाई, रद्द की गई ट्रेनिंग
Punjab ujala news : महाराष्ट्र की आईएएस पूजा खेडकर पर बड़ी कार्रवाई की गई है. तत्काल प्रभाव से उनकी ट्रेनिंग रद्द कर दी गई है और मसूरी एकेडमी वापस लौटने का निर्देश दिया गया है. पूजा खेडकर की महाराष्ट्र में ट्रेनिंग चल रही थी. फिलहाल वो वाशिम में तैनात थीं. लेकिन अब उन्हें सबकुछ छोड़कर मसूरी आईएएस एकेडमी में रिपोर्ट करना होगा.
ट्रेनी IAS अधिकारी पूजा खेडकर सिविल सेवा परीक्षा पास करने के लिए कथित तौर पर फर्जी विकलांगता प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में जांच के दायरे में हैं. इसके बाद केंद्र सरकार ने भी एक जांच कमेटी बना दी थी. उनके हर दावों की जांच की जा रही है. इसी बीच एक बड़ा फैसला लेते हुए उनकी ट्रेनिंग को बीच में ही रोकने के आदेश दिए गए हैं. महाराष्ट्र के वाशिम जिले में चल रही ट्रेनिंग तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई है और उन्हें 23 जुलाई तक लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय एकेडमी मसूरी में रिपोर्ट करने को कहा गया है.
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने कहा, अकादमी ने आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए उसे वापस बुलाने का फैसला किया है. इसके बाद महाराष्ट्र के अतिरिक्त मुख्य सचिव नितिन गद्रे ने पूजा खेडकर को पत्र भेजा है. इसमें लिखा है, आपको महाराष्ट्र राज्य सरकार के जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम से छुट्टी दी जा रही है. आपको जल्द से जल्द अकादमी में पहुंचने का निर्देश दिया जाता है. किसी भी परिस्थिति में आप 23 जुलाई तक वहां रिपोर्ट करें.
