BJP की दूसरी लिस्ट को लेकर आज दिल्ली में मंथन
उत्तर प्रदेश की बाकी बची 24 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर सोमवार को दिल्ली में बैठक होगी. इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के साथ ही यूपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी शामिल होंगे. बताया जा रहा है कि आज या फिर मंगलवार को बाकी के प्रत्याशियों का ऐलान कर सकती है. कहा यह भी जा रहा है कि कुछ मौजदा सांसदों के टिकट कटना तय है.गौरतलब है कि बीजेपी ने यूपी की 51 लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है. इनमें से 47 मौजूदा सांसदों पर ही पार्टी ने भरोसा जताया है. लेकिन कहा जा रहा है कि बाकी की बची सीटों में से कुछ पेंच फंसा है जिसकी वजह से नामों के ऐलान में देरी हो रही है. जानकारी के मुताबिक दूसरी लिस्ट में बीजेपी कई सांसदों के टिकट काट सकती है, इनमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं.
इनका कट सकता है टिकट
सूत्रों के मुताबिक इस लिस्ट में पीलीभीत सांसद वरुण गांधी और सुल्तानपुर से सांसद मेनका गांधी का नाम भी शामिल है. वरुण गांधी पार्टी विरोधी बयानबाजी की वजह से राडार पर हैं, जबकि उनकी मां मेनका गांधी के टिकट पर भी संशय बना हुआ है. इसके अलावा प्रयागराज से रीता बहुगुणा जोशी का भी टिकट काटना तय है. बदायूं से सांसद संघमित्रा मौर्य का भी टिकट काट सकता है. उनके पिता स्वामी प्रसाद मौर्य के पार्टी छोड़ने के बाद से ही उनके टिकट को लेकर केसों का दौर चल रहा है. इसके अलावा कानपुर से सांसद सत्यदेव पचौरी, गाजियाबाद से सांसद वीके सिंह का भी टिकट कटना तय माना जा रहा है.
