पंजाब के पूर्व CM चरणजीत सिंह चन्नी लड़ सकते हैं लोकसभा का चुनाव
Punjab ujala news : पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू ने लोकसभा चुनाव लड़ने से इनकार किया है. नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि वो इस बार लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने इस बारे में पार्टी आलाकमान को बता दिया है. बताया जा रहा है कि सिद्धू ने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने के अपने फैसले के पीछे पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है. वहीं, जालंधर से पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को टिकट मिल सकता है. इसके साथ ही कांग्रेस चंडीगढ़ से मनीष तिवारी को मैदान में उतार सकती है. पंजाब में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं. जबकि दिल्ली और गुजरात में पार्टी साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है.
पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट से कांग्रेस पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को लोकसभा प्रत्याशी बना सकती है. सूत्रों के मुताबिक उनका नाम करीब-करीब तय हो गया है और पार्टी आलाकमान जल्द ही इस बारे में घोषणा कर सकती है. बताया जा रहा है कि पार्टी चरणजीत सिंह चन्नी को जालंधर सीट से मैदान में उतारकर दोआबा क्षेत्र पर पूरा फोकस करना चाहती है. इस इलाके में करीब 42 फीसदी वोटर्स दलित समाज से आते हैं. इसके साथ ही चंडीगढ़ से पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनीष तिवारी को टिकट दिया जा सकता है.
