रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में आज मनेगी ‘दिवाली’, इस समय से जलेगी राम ज्योति
Punjab ujala news : अयोध्या के भव्य राम मंदिर में आज दोपहर मृगशिरा नक्षत्र और अभिजीत मुहूर्त में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा है. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर पूरे देश में दिवाली आज मनाई जाएगी. त्रेतायुग में लंका पर विजय प्राप्त कर भगवान राम माता सीता, अनुज लक्ष्मण, वीर हनुमान आदि के साथ जब पावन अयोध्या नगरी पधारे थे, तब हर घर में खुशी के दीप जले थे. आज अयोध्या धाम में एक बार फिर से उत्सव मनाया जा रहा है और पूरा देश राम की धुन गा रहा है. हर घर राममय हो गया है. दोपहर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद श्री राम ज्योति जलाई जाएगी. ज्योतिषाचार्य डॉ. भार्गव का कहना है कि दिवाली का उत्सव प्रदोष काल में मनाते हैं यानि सूर्यास्त के बाद जब अंधेरा होने लगता है तो उस समय से ही उजाला करने की आवश्यकता है. आज प्रदोष काल में आपको श्री राम ज्योति जलानी चाहिए. प्रदोष काल से लेकर पूरे रात तक श्री राम ज्योति जलनी चाहिए.
आज सूर्यास्त शाम 05 बजकर 52 मिनट पर होगा. उसके बाद से प्रदोष काल प्रारंभ होता है और रात्रि के प्रारंभ तक माना जाता है. स्थान विशेष के आधार पर अंधेरा कहीं जल्दी हो सकता है और कहीं देर से. ऐसे में आप सूर्यास्त बाद से या जब अंधेरा होने लगे, उस समय श्री राम ज्योति जलाएं.
कैसे जलाएं श्री राम ज्योति?
पूजा स्थान पर ईशान कोण यानी उत्तर पूर्व दिशा में एक सुंदर सा रंगोली बनाएं. रंगोली के केंद्र में सप्तधान्य रखें. फिर मिट्टी के एक दीपक में सरसों या तिल का तेल भर लें. उसमें रूई की बत्ती लगाएं. प्रभु रामलला का स्मरण करके दीपक जलाएं. उसे रंगोली के केंद्र में रख दें. ध्यान रखें की दीपक रात भर जलता रहे.
4 शुभ संयोग में जलेगी श्री राम ज्योति
श्री राम ज्योति जलाने के समय सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग, इंद्र योग, मृगशिरा नक्षत्र होगा. इसमें आप प्रभु राम से जो भी प्रार्थना करेंगे, वह पूरी होगी. सर्वार्थ सिद्धि योग में किए गए कार्य सफल सिद्ध होते हैं.
