सर्दी का सितम जारी, पंजाब-चंडीगढ़ में स्कूलों में छुट्टियां
Punjab ujala news : पंजाब, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर समेत उत्तर भारत में सर्दी का सितम जारी है। सुबह के समय घना कोहरा भी कहर बरपा रहा है। उत्तर भारत के ज्यादा क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। घने कोहरे के कारण पंजाब में तीन जगह हुए सड़क हादसों में 1 की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए. वहीं, पंजाब में शीतलहर के चलते सरकारी, निजी और एडेड स्कूलों में छुटि्टयां बढ़ा दी गई हैं। अब 14 जनवरी तक स्कूल बंद रहेंगे। सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि कड़ाके की ठंड को ध्यान में रखते हुए पंजाब में दसवीं कक्षा तक के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 8 से 14 जनवरी तक छुट्टियां की जाती हैं।यह फैसला बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। दूसरी ओर चंडीगढ़ के सभी सरकारी, एडेड व निजी स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक की छुट्टियां 14 जनवरी तक बढ़ा दी गई हैं, लेकिन इन्हें ऑनलाइन कक्षाएं चलानी होंगी। वहीं, कक्षा नौ से 12 तक के बच्चों के स्कूल नौ जनवरी से खुल जाएंगे।
