Search for:
  • Home/
  • Jalandhar/
  • पंजाब में बिजली कर्मचारियों के संघर्ष से बढ़ी चिंता!

पंजाब में बिजली कर्मचारियों के संघर्ष से बढ़ी चिंता!

Punjab ujala news : पावरकॉम व ट्रांसको से संबंधित विभिन्न कर्मचारी यूनियनों ने मंगलवार मध्यरात्रि से 2 दिवसीय संघर्ष शुरू कर दिया है। कर्मचारियों के सामूहिक छुट्टी पर जाने के चलते बिजली सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए विभाग ने सभी एक्सियन, एस.डी.ओ., डिवीजनल अधिकारियों और सब-डिवीजनल अधिकारियों को विशेष निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान बिजली सेवाएं प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है, जिसके चलते अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पी.एस.पी.सी.एल. एम्प्लॉइज ज्वाइंट फोरम, बिजली मुलाजिम एकता मंच पंजाब, जे.ई. कौंसिल, ग्रिड सब-स्टेशन एम्प्लॉइज यूनियन, कर्मचारी यूनाइटिड ऑर्गेनाइजेशन, पावरकॉम व ट्रांसको पैंशनर्ज यूनियन, पैंशनर्ज वैल्फेयर फैडरेशन और अन्य कर्मचारी संगठनों द्वारा 21 और 22 अक्तूबर को सामूहिक छुट्टी पर जाने का ऐलान किया गया है।

इस संघर्ष के चलते विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद इंजीनियरों और कर्मचारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने को कहा गया है। किसी भी सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी आने पर तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली आपूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी स्पष्ट किया गया है कि कर्मचारियों की छुट्टी के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने, शिकायतों का तुरंत निपटारा करने और स्थिति की नियमित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।