Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • त्यौहारी सीजन से पहले सेहत विभाग की कार्रवाई

त्यौहारी सीजन से पहले सेहत विभाग की कार्रवाई

Punjab ujala news : त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को लेकर पुलिस और सेहत विभाग की कार्रवाई तेज हो गई है। जंडू सिंघा रोड पर नाकेबंदी के दौरान सीआईए स्टाफ ने एक गाड़ी को रोककर उसमें लदा करीब 250 किलो देसी घी और 35 टीन रिफाइंड बरामद किया। सामान संदिग्ध लगने पर पुलिस ने तुरंत सेहत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजे गए।

इंस्पेक्टर पुष्प बाली के अनुसार, सीआईए स्टाफ की टीम जंडू सिंघा रोड पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई। गाड़ी में रखे देसी घी और रिफाइंड के टीन संदिग्ध लगने पर सेहत विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। बाद में गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने लाया गया।

पुलिस ने इस मामले में मुकेश कुमार पुत्र बिंदरपाल उर्फ इंद्रपाल, निवासी गांव बुर्ज ढिलवां, मानसा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले मुकेश कुमार के ड्राइवर को कथित नकली देसी घी के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस ने मामले में सामान के मालिक को भी काबू किया है।

हालांकि, बरामद देसी घी और रिफाइंड वास्तव में मिलावटी हैं या खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरते, यह लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। सेहत विभाग ने सभी संबंधित खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।