भारी मात्रा में पनीर की खेप बरामद
Punjab ujala news : चंडीगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में पनीर की खेप पकड़ी है। जानकारी के मुताबिक, रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड में शनिवार सुबह खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 200 किलो पनीर से भरी बोलेरो पिकअप को पकड़ा। विभागीय टीम ने सूचना के आधार पर सुबह करीब 5 बजे पनीर लेकर जा रही गाड़ी को रोककर उसकी जांच की और पूरी खेप को कब्जे में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, शहर में मिलावटी पनीर की बिक्री की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग को इस खेप के बारे में सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने रामदरबार मंडी ग्राउंड में पहुंचकर बोलेरो पिकअप को रोका। जांच के दौरान गाड़ी से बड़ी मात्रा में पनीर बरामद हुआ। कार्रवाई के बाद अधिकारियों ने बरामद पनीर की पूरी खेप को जब्त कर कोल्ड स्टोरेज में रखवा दिया। इसके साथ ही पनीर का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह पुष्टि नहीं हुई है कि बरामद पनीर मिलावटी या स्वास्थ्य के लिए असुरक्षित है। इसकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत संबंधित व्यक्ति या कारोबारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद अब लैब रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट से ही यह स्पष्ट होगा कि जब्त की गई पनीर की खेप मानकों पर खरी उतरती है या नहीं।
इसके साथ ही खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड सेंटर और अन्य खाद्य कारोबारियों को सख्त आदेश दिए हैं। खाद्य प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि पनीर, दूध समेत अन्य कच्ची खाद्य सामग्री केवल अधिकृत और भरोसेमंद सप्लायर से खरीदे। विभाग ने कारोबारियों को सभी खरीद के बिल और रसीदें संभालकर रखने को कहा है क्योंकि जरूरत पड़ने पर खाद्य सामग्री के स्रोत का आसानी से पता चल सके। विभाग ने लोगों से मिलावटी या असुरक्षित दूध-पनीर की जानकारी मिलने पर शिकायत करने की अपील की है। शिकायत खाद्य सुरक्षा कनेक्ट एप के माध्यम से की जा सकती है। इसके अलावा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0172-2782457 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
