Punjab में AK-47 सहित 3 तस्कर गिरफ्तार!
Punjab ujala news : कमिश्नरेट पुलिस अमृतसर ने एक अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 AK-47 राइफलें, 3 मैगजीन और 50 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने साझा की। डीजीपी के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर विदेश में बैठे एक हथियार तस्कर के संपर्क में थे। आरोपियों पर पंजाब में आपराधिक तत्वों को अवैध हथियार उपलब्ध करवाने और आगे सप्लाई करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना छेहरटा, अमृतसर में एफआईआर दर्ज की है। अब पुलिस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के साथ आरोपियों के पिछले और आगे के संपर्कों की जांच कर रही है। इसके अलावा विदेश में बैठे हथियार तस्करों से इनके संबंधों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के जरिए पूरे अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश जारी है।
