नशा तस्करों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
Punjab ujala news : नशा तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत थाना लाडोवाल की पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी, जब एक गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ दबोच लिया गया। आरोपी इलाके में नशा सप्लाई करने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले कि वह अपने मंसूबों में कामयाब हो पाता, पुलिस ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
जानकारी के अनुसार लेडी सब-इंस्पेक्टर (L/SI) ममता मिन्हास समेत पुलिस पार्टी 24 अप्रैल को इलाके में गश्त और संदिग्धों की चेकिंग के संबंध में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को खास मुखबिर से सूचना मिली कि मोविश बैंस नामक व्यक्ति, जो हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है, भारी खेप के साथ इलाके में घूम रहा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव कादियां टी-पॉइंट के पास पीर की जगह के नजदीक रेड की।वहां एक बिना नंबरी एक्टिवा के साथ खड़े मोविश बैंस को पुलिस ने घेराबंदी कर काबू कर लिया। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में बताई जा रही है। पुलिस ने नशीला पदार्थ और बिना नंबरी एक्टिवा को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह यह नशा कहां से लाया था और आगे किन-किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। इस गिरफ्तारी से नशे के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
