Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • लुधियाना में पुलिस की बड़ी कामयाबी

लुधियाना में पुलिस की बड़ी कामयाबी

Punjab ujala news : शहर में बढ़ती चोरी और झपटमारी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस ने नाकाबंदी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो इलाके में चोरी की एक्टिवा पर सवार होकर लूटपाट की वारदातों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनके पास से चोरी का वाहन और छीना गया लेडीज पर्स भी बरामद किया है।

जानकारी के मुताबिक सब-इंस्पेक्टर परमजीत सिंह अपनी पुलिस पार्टी के साथ 24 अप्रैल को गश्त के दौरान भारत नगर चौक पर मौजूद थे। इसी बीच मुखबिर खास ने सूचना दी कि शंकर, साहिल और वंश नाम के तीन युवक, जो चोरी और लूटपाट के आदी हैं, किसी बड़ी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने बिना देरी किए लकड़ी पुल (लक्कड़ पुल) के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर शंकर और साहिल को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से एक सफेद रंग की एक्टिवा बरामद हुई, जो चोरी की पाई गई है। इसके अलावा, पुलिस ने उनके कब्जे से एक लेडीज पर्स भी बरामद किया, जिसे उन्होंने कुछ समय पहले ही छीना था। पर्स की तलाशी लेने पर उसमें से 2000 रुपये की नकदी भी मिली है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है, जबकि इनका तीसरा साथी वंश अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान शहर में हुई कई अन्य लूटपाट की वारदातों का खुलासा हो सकता है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।