सोढल मेले दौरान यह फाटक बंद
punjab ujala news : श्री सिद्ध बाबा सोढल के मेले को लेकर राम नगर रेलवे फाटक बंद करने के विरोध में इलाका निवासियों द्वारा धरना प्रदर्शन करते हुए रेलवे के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया गया। इसके चलते अमृतसर-चंडीगढ़ सहित कई ट्रेनें प्रभावित हुई जोकि यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना। दरियां बिछाकर धरने पर बैठे लोगों में रोष साफ तौर पर देखने को मिला। वहीं भाजपा नेता के.डी. भी प्रदर्शन में पहुंचे और अधिकारियों से बातचीत कर फाटक को खुलवा दिया। बता दें कि जिला और रेलवे प्रशासन ने सोढ़ल मेले के दौरान 4 से 9 सितंबर तक राम नगर रेलवे फाटक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।फाटक बंद किए जाने के चलते फाटक के दोनों तरफ वाहनों का कतारें देखने को मिली। इलाका निवासियों ने विरोध जताते हुए कहा कि उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं है और रेलवे द्वारा फाटक बंद किए जाने के चलते उन्हें बेहद परेशानियां उठानी पड़ेगी।
सुबह 10 बजे के करीब शुरू हुआ प्रदर्शन काफी समय तक जारी रहा, इसके चलते संबंधित थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। इलाका निवासियों ने दो-टूक कहा कि जब तक फाटक नहीं खोला जाएगा वह धरना नहीं हटाएंगे। इसके चलते अमृतसर-चंडीगढ़ ट्रेन को राम नगर फाटक से पहले रोकना पड़ा जोकि काफी समय तक खड़ी रही।
