Money news : 7 घंटों में एक कंपनी ने गंवाए 23 लाख करोड़ रुपये
Punjab ujala news : इसी साल जून महीने में एक कंपनी ऐपल, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल जैसी कंपनियों को पछाड़कर दुनिया की नंबर 1 कंपनी बनकर बैठ गई थी. इसका मार्केट कैप 3.3 ट्रिलियन डॉलर हो गया था. रुपयों में गिने तो 277 लाख करोड़ रुपये के आसपास. शेयर बाजार में इस कंपनी की ऐसी तूती बोली कि निवेशक रातों-रात लखपति से करोड़पति और करोड़रपति से अरबपति हो गए. मगर कल इसी कंपनी का शेयर लगभग 10 फीसदी टूटा और पूरे अमेरिकी शेयर बाजार (नैस्डैक) को हिला दिया. एक ही दिन में इसकी वैल्यूएशन 279 बिलियन डॉलर (23 लाख करोड़ रुपये) कम हो गई.
आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) की लहर पर सवार इस कंपनी में कल आई गिरावट ने दुनियाभर में शेयर बाजारों का माहौल खराब कर दिया है. बड़ी-बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट आई है. भारत भी इससे अछूता नहीं रहा. कई दिनों की तेजी के बाद आज सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में एक ठीक-ठाक गिरावट आई. यदि आप अब तक नहीं समझे हैं कि हम किसी कंपनी के बारे में बात कर रहे हैं तो वह है एनवीडिया (Nvidia). इसकी गिरावट ने अमेरिका में एक बार फिर से आर्थिक मंदी का राग छेड़ दिया है. इसी के साथ ही इंडस्ट्री के दो जानकारों ने कह दिया है कि एआई की दीवानी हद से ज्यादा आगे जा चुकी है.
उम्मीद से कम है कमाई
कल Nvidia Corp. के शेयरों में 9.5% की गिरावट आई, जिससे इसकी 278.9 बिलियन डॉलर की वैल्यूएशन साफ हो गई. जबसे कंपनी ने अपनी कमाई की रिपोर्ट जारी की है, तब से इसमें 14 फीसदी की गिरावट आ चुकी है. कमाई की रिपोर्ट उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी. फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर इंडेक्स के सभी 30 शेयरों में कम से कम 5.4% की गिरावट आई, जिसमें On Semiconductor, KLA Corp. और Monolithic Power Systems Inc के शेयर 9% से ज्यादा गिर गए. नैस्डैक 100 (Nasdaq 100) में ही लगभग 3.2% की गिरावट आई.
