उरी में आतंकियों की नापाक साजिश नाकाम
भारतीय सेना ने शुक्रवार यानी 5 अप्रैल को सुबह-सुबह उरी में आतंकवादियों के घुसपैठ को नाकाम कर दिया है. सेना ने LOC के रुस्तम पोस्ट इलाके में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए एक आतंकवादी को मार गिराया है. इलाके में सेना का ऑपरेशन अभी भी जारी है.
सेना के सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ के बाद इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी है और एक आतंकवादी मारा गया है. सेना के सूत्रों ने कहा कि आतंकवादियों का एक समूह जो भारत में घुसने की कोशिश कर रहा था, उसे भारतीय सेना के जवानों की प्रभावी गोलीबारी के कारण वापस खदेड़ दिया गया. उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा पर आतंकवादियों और सेना के जवानों के बीच गोलीबारी हुई. सेना के सूत्रों ने आगे बताया कि गोलीबारी के बाद अतिरिक्त बलों को घटनास्थल पर भेजा गया.
