केजरीवाल को मिलेगी राहत या फिर ED की कस्टडी में ही रहेंगे, HC में सुनवाई आज
देश की राजधानी दिल्ली के लिए 27 मार्च का दिन काफी अहम है. कथित शराब घोटाले में ED की हिरासत में चल रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमानत याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है. दूसरी तरफ, राजनीतिक और अदालती गहमा-गहमी के बीच विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र भी शुरू होने जा रहा है. सीएम केजरीवाल की गैरमौजूदगी में स्पेशल सेशन होने जा रहा है. इसके साथ ही सीएम केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल प्रेस कांफ्रेंस करने वाली हैं. बताया जा रहा है कि इस दौरान वह कुछ बड़ा खुलासा कर सकती हैं.
दिल्ली हाईकोर्ट कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धन शोधन के एक मामले में अपनी गिरफ्तारी को चुनौती देने संबंधी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की याचिका पर बुधवार को सुनवाई करेगा. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था और दिल्ली की एक अदालत ने उन्हें 28 मार्च तक संघीय एजेंसी की हिरासत में भेज दिया था. केजरीवाल की याचिका न्यायमूर्ति स्वर्णकांत शर्मा के समक्ष सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है. याचिका में केजरीवाल की तत्काल रिहाई का अनुरोध किया गया है. आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक ने अपनी याचिका के साथ पिछले हफ्ते उच्च न्यायालय का रुख किया था लेकिन उच्च पदस्थ सूत्रों के अनुसार, तत्काल सुनवाई के उनके अनुरोध को अस्वीकार कर दिया गया क्योंकि उच्च न्यायालय होली के त्योहार को लेकर बंद था.
