National : दिल्ली कूच पर अलर्ट, बस-कार से आएंगे किसान
Punjab ujala news : किसान आंदोलन को लेकर दिल्ली पुलिस को स्पेशल ब्रांच ने अलर्ट भेजा है, जिसके बाद से आनन-फानन में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दरअसल, दिल्ली पुलिस को स्पेशल ब्रांच ने जो अलर्ट जारी किया है, उसके मुताबिक प्रदर्शनकारी किसान बस, कार और छोटी गाड़ियों से दिल्ली में घुस सकते हैं. प्रदर्शनकारी किसान छोटे-छोटे समूह में बस-कारों से दिल्ली में दाखिल होने की कोशिश कर सकते हैं. बता दें कि किसानों ने घोषणा की है कि वे बुधवार को प्रदर्शन के लिए दिल्ली पहुंचेंगे.यही वजह है कि दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी की टिकरी, सिंघू और गाजीपुर सीमाओं और रेलवे और मेट्रो स्टेशनों एवं बस अड्डों पर कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने का अपने कर्मियों की संख्या बढ़ा दी है और खास निर्देश दिया है. दिल्ली पुलिस की सुरक्षा कश्मीरी गेट बस स्टैंड, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, आनंद विहार रेलवे स्टेशन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन समेत सभी बस अड्डों में लगाई गई है.
दरअसल, प्रदर्शनकारियों द्वारा बुधवार को दिल्ली कूच के आव्हान को देखते हुए स्पेशल ब्रांच ने दिल्ली पुलिस को यह अलर्ट भेजा है, जिसमें स्पेशल ब्रांच ने आशंका जताई है कि प्रदर्शनकारी दिल्ली में छोटी गाड़ियो के जरिए दाखिल होने की कोशिश करेंगे. इसके लिए प्रदर्शनकारी दिल्ली के सटे गांव और गलियों का सहारा ले सकते हैं. स्पेशल ब्रांच के अलर्ट में ये भी कहा गया है कि ये प्रदर्शनकारी नई दिल्ली, जिसे लुटियन दिल्ली कहा जाता है, वहां इक्कठा होकर प्रोटेस्ट करना चाहते हैं.
