Search for:
  • Home/
  • Political/
  • किसानों ने शाम ढलते ही प्रदर्शन रोका, पंजाब के अस्पताल अलर्ट पर

किसानों ने शाम ढलते ही प्रदर्शन रोका, पंजाब के अस्पताल अलर्ट पर

Punjab ujala news : किसानों के ‘दिल्ली चलो’ विरोध मार्च में शामिल प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार को अंबाला में शंभू बॉर्डर पर लगाए गए बैरिकेड को तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हरियाणा पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े. शंभू सीमा के पास उस समय अव्यवस्था की स्थिति बन गई, जब किसानों ने सीमेंट से बने अवरोधक हटाने के लिए ट्रैक्टर इस्तेमाल किए. ये अवरोधक प्रदर्शनकारी किसानों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए घग्गर नदी पुल पर हरियाणा पुलिस द्वारा बैरिकेड के हिस्से के रूप में रखे गए थे.

हरियाणा पुलिस ने कहा कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले का इस्तेमाल किया जा रहा है क्योंकि प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मियों पर पथराव कर रहे हैं. हरियाणा पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, “प्रदर्शनकारियों द्वारा हरियाणा पुलिस पर पथराव किया गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए.” प्रवक्ता ने कहा, “किसी को भी अशांति फैलाने की इजाजत नहीं दी जाएगी. ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. अभी स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.”

शंभू बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस द्वारा आंसू गैस के गोले दागे जाने के बाद खनौरी-जींद बॉर्डर पर पुलिस के जवानों ने कमर कस ली है. पंजाब के किसान दोपहर 2 बजे तक जींद-खनौरी बॉर्डर पर पहुंचेंगे. सिंघु बॉर्डर पर हरियाणा से दिल्ली आने वाला ट्रैफिक पूरी तरह से रोका गया है. वहीं शंभू बॉर्डर पर किसानों और पुलिस के बीच भीड़त हो गई है. वहीं चंडीगढ़ में कई स्कूलों को बंद कर दिया गया है. इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे ने एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों से ट्रैफिक जाम को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने का आग्रह किया है. केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन का गेट 2 शाम तक बंद रहेगा. किसानों के ‘दिल्ली चलो’ विरोध के आह्वान के मद्देनजर दिल्ली में कई स्थानों पर सुरक्षा तैनात की गई है. पूरी दिल्ली में धारा 144 लागू कर दी गई है.