भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हमला करने वालों की कार बरामद, चार संदिग्धों काबू
PUNJAB UJALA NEWS
भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर पर हमला करने वालों की कार बरामद, चार संदिग्धों काबू
सहारनपुरः भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने हमलावरों की कार बरामद कर ली है। वहीं चार संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। एक दिन पहले (28 जून) ही सहारनपुर के देवबंद पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर फायरिंग की गई थी। इस जानलेवा हमले में चंद्रशेखर घायल हो गए थे, जिन्हें इलाज के लिए देवबंद के अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
चंद्रशेखर अपनी फॉर्चूनर कार से देवबंद दौरे पर पहुंचे थे। तभी अचानक उनकी गाड़ी पर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी थी। गोली उन्हें छूकर निकल गई थी, जिससे वह घायल हो गए थे। उनकी कार पर भी गोलियों के निशान देखे गए थे। हमलावर हरियाणा नंबर की कार में आए थे। गोली चंद्रशेखर की पीठ को छूकर निकली थी। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर है। फायरिंग में उनकी कार के शीशे भी टूट गए थे। हमलावरों की पहचान करने के लिए पुलिस लगातार आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही थी।
जिस समय हमला हुआ, चंद्रशेखर दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान बीच रास्ते में देवबंद में उनके काफिले पर हमला हो गया था। पीछे से आई हरियाणा नंबर की गाड़ी में सवार हमलावरों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। कुल चार राउंड फायरिंग हुई थी। भीम आर्मी चीफ ने हमले के बाद एजेंसी से कहा था, ‘मुझे ठीक से याद नहीं है, लेकिन मेरे लोगों ने उन्हें पहचान लिया। उनकी कार सहारनपुर की ओर चली गई। हमने यू-टर्न ले लिया। घटना के वक्त मेरे छोटे भाई समेत हम पांच लोग कार में थे।’ सूत्रों के मुताबिक हमलावरों की गाड़ी का नंबर भी सामने आ गया था। बताया गया कि हमलावर सफेद रंग की छोटी कार से आए थे। वहीं जिस गाड़ी का नंबर बताया गया था, वह स्विफ्ट डिजाइर है।