Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • अवैध शराब समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

अवैध शराब समेत 4 तस्कर गिरफ्तार

Punjab ujala news : फिल्लौर पुलिस ने नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 44 बोतल शराब तथा 2 मारुति स्विफ्ट कारें बरामद की हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए डी.एस.पी. सब डिवीजन फिल्लौर भरत मसीह ने बताया कि नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ चलाए अभियान के तहत विशेष नाकाबंदी और गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है।

सब-डिवीजन फिल्लौर के थाना बिलगा के ए.एस.आई. चरणजीत सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों गुरजीत सिंह उर्फ सोनू निवासी नूरपुरा, थाना अमलोह हाल निवासी मोहन विहार रामा मंडी जालंधर, गुरतेज सिंह जज निवासी मालेवाल थाना कुलगढ़ी फिरोजपुर, हाल निवासी मोहन विहार रामा मंडी जालंधर, दलजीत सिंह उर्फ मोनू निवासी मकान नंबर 237, ऋषि नगर हैबोवाल खुर्द और रविंदर शर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा बरामद मारुति स्विफ्ट कारों में से एक बिना नंबर की है। डी.एस.पी. ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट, एक्साइज एक्ट और अन्य विभिन्न धाराओं के तहत पहले भी कई मामले दर्ज हैं। 3 आरोपियों के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के मामले दर्ज हैं। आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 3 दिन का पुलिस रिमांड मिला। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आपराधिक नैटवर्क तथा अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

नशा तस्करों को नहीं बख्शा जाएगा : डी.एस.पी. भरत मसीह

डी.एस.पी. भरत मसीह ने कहा कि सब डिवीजन में नशा तस्करी, अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।