Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • पुलिस और लुटेरों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस और लुटेरों के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग

Punjab ujala news : शहर में आतंक बन चुके लुटेरों और पुलिस के बीच शनिवार सुबह फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हो गई। गोलियों की गूंज से बहमन नहर पुल का इलाका कुछ देर के लिए रणभूमि में तब्दील हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लुटेरा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी भी दबोच लिया गया। दोनों से हथियार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह वही दोनों लुटेरे हैं, जिन्होंने बीते दिनों थाना कोतवाली क्षेत्र में 2 महिलाओं से पर्स छीनकर सनसनी फैला दी थी। घटना के दौरान किरण बाला नामक महिला सड़क पर गिर गई थी और उसके सिर में गंभीर चोटें आई थीं। इसी वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। शनिवार सुबह जैसे ही पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि दोनों लुटेरे बहमन नहर पुल के पास घूम रहे हैं, तुरंत एक टीम वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की। मोटरसाइकिल के पीछे बैठे अमनप्रीत ने अचानक पिस्तौल निकालकर पुलिस पर सीधी गोली दाग दी। गनीमत रही कि गोली किसी जवान को नहीं लगी। लेकिन जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी ट्रिगर दबाया और अमनप्रीत को गोली लग गई। कुछ ही सेकंड में उसका साथी अमनदीप भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।