रेलवे की तरफ से फिरोजपुर मंडल में स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को मद्देनजर रखते हुए नौ बुकिंग विंडो काउंटर बढ़ाए गए हैं।
(PUNJAB UJALA NEWS)
जालंधर: रेलवे की तरफ से फिरोजपुर मंडल में स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ को मद्देनजर रखते हुए नौ बुकिंग विंडो काउंटर बढ़ाए गए हैं। रेलवे ने यह कदम इसलिए उठाया है, जिससे यात्रियों को बुकिंग काउंटरों पर लगने वाली भीड़ की वजह से परेशानी न हो और उक्त भीड़ को दूसरे काउंटरों पर बांटा जा सके। इसके मद्देनजर ही जालंधर, जालंधर कैंट, अमृतसर, श्री माता वैष्णो देवी कटरा में एक-एक, ढंढारी कलां में दो, जम्मूतवी ने तीन बुकिंग काउंटर बढ़ाए गए हैं।
इसके अलावा, स्टेशनों पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान संबंधी भी बार-बार सूचनाएं करवाई जा रही हैं, ताकि यात्रियों को आसानी से पता चल सके कि उनकी ट्रेन कौन से प्लेटफार्म में आ रही है। डीआरएम डा. सीमा शर्मा ने कहा कि गर्मियों की छुट्टियों की वजह से स्टेशनों में भीड़ अत्यधिक बढ़ गई है। इससे टिकट बुकिंग काउंटरों के आगे लाइनें भी लंबी होने लग पड़ी हैं। ऐसे में काउंटरों के आगे की भीड़ को घटाने व यात्रियों को राहत देने के उद्देश्य से ही यह अतिरिक्त काउंटर शुरू किए जा रहे हैं। वहीं भीड़ प्रबंधन के लिए आरपीएफ की तरफ से माइक के जरिये प्रबंध किए जा रहे हैं।
