पुलिस ने एयरबेस के निकट चलाया सर्च अभियान
Punjab ujala news : जिला पुलिस प्रशासन ने रविवार दोपहर के समय पठानकोट के सैनिक क्षेत्र के पास नवला नहर में सर्च अभियान चलाया। यह तलाशी अभियान पठानकोट एयरबेस के निकट चलाया गया। जहां आने-जाने वाले लोग पुलिस फोर्स को सर्च करते देख हैरान रह गए, क्योंकि साल 2016 में इसी क्षेत्र में बने एयरबेस पर आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने कई लोगों की हत्या कर दी थी। वहीं, पुलिस की सर्च को देख सूत्रों के हवाले से यह अफवाह फैली थी कि पुलिस को नहर में अवैध हथियारों का जखीरा मिला है, जबकि पुलिस अधिकारियों ने इसे नकारते हुए यह कहा कि किसी मामले को लेकर सर्च चलाई गई है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नवला नहर में जो पुलिस ने सर्च की है वह किसी मामले से संबंधित कार्रवाई की है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नहर में कुछ बरामदगी हो सकती है, जिसके बाद पुलिस ने नहर का चप्पा-चप्पा खंगाला है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी अधिक जानकारी मुहैया करवाएंगे।
