Search for:
  • Home/
  • India/
  • 26 नवंबर को सभी राज्यों में निकालेगी ”संविधान रक्षा मार्च”

26 नवंबर को सभी राज्यों में निकालेगी ”संविधान रक्षा मार्च”

Punjab ujala news : कांग्रेस ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर सभी राज्यों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालने का फैसला किया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे उस दिन लखनऊ में आयोजित ‘संविधान रक्षा मार्च’ में शामिल होंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को कहा कि प्रत्येक प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने राज्य में इस मार्च का आयोजन करेगी और यह संविधान की रक्षा के अभियान का प्रमुख हिस्सा होगा।

वेणुगोपाल ने एक बयान में कहा, ’26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर प्रत्येक प्रदेश कांग्रेस कमेटी अपने राज्य में एक विशाल संविधान रक्षा मार्च आयोजित करेगी, जो संविधान की रक्षा के हमारे अभियान का केंद्रबिंदु होगा।’ उन्होंने कहा कि प्रत्येक मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की प्रतिमा से होगी। इसके बाद संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि दी जाएगी और कांग्रेस कार्यकर्ता तथा नागरिक संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे। वेणुगोपाल के मुताबिक, इस दौरान संविधान की रक्षा के लिए शपथ भी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे 26 नवंबर को लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे।

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के सामने मतदाता सूची में गड़बड़ी के दस्तावेजी सबूत रखे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के महादेवपुरा में फर्जी और दोहरी प्रविष्टियां, आलंद में हजारों वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने की कोशिश तथा हरियाणा और अन्य राज्यों में गंभीर अनियमितताएं चुनावी सूचियों में व्यवस्थित हेरफेर को दर्शाती हैं। उन्होंने निर्वाचन आयोग पर इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने के बजाय उन्हें खारिज करने और जांच एजेंसियों को मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। वेणुगोपाल ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी चिंता जताई।

उन्होंने दावा किया कि बिहार की मसौदा मतदाता सूची से 65 लाख से अधिक नाम हटाए गए हैं और पुनरीक्षण के तीन चरणों में नामों की कुल कटौती 13 करोड़ से अधिक होने का अनुमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया से गरीबों, दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, प्रवासी श्रमिकों और शादी के बाद घर बदलने वाली महिलाओं के मताधिकार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। कांग्रेस महासचिव ने निर्वाचन आयोग की नियुक्ति प्रक्रिया में किए गए बदलावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधान न्यायाधीश को चयन समिति से बाहर करने के बाद नियुक्तियों में केंद्र सरकार की निर्णायक भूमिका हो गई है। उन्होंने निर्वाचन आयुक्तों को आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन के दौरान किए गए कार्यों के लिए कानूनी संरक्षण दिए जाने संबंधी संशोधन की भी आलोचना की।