Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • जेल से बाहर आएंगे सांसद अमृतपाल

जेल से बाहर आएंगे सांसद अमृतपाल

Punjab ujala news : डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद और वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को राहत मिली है. अमृतसर अदालत से उन्हें एक दिन की अंतरिम जमानत मिली है. खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह शनिवार (14 नवंबर) को डिब्रूगढ़ जेल से बाहर निकलेंगे. वो तीन साल से भी ज्यादा समय बाद पंजाब आएंगे. इस दौरान वो अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे.

सांसद अमृतपाल के अलावा चाचा हरजीत सिंह को 3 दिन और सुखमन को दो दिन की अंतरिम जमानत मिली है. अमृतपाल सिंह को अप्रैल 2023 में NSA के तहत डिटेन किया गया था. इसी साल अप्रैल में अमृतपाल सिंह पर से NSA हटाया गया था. हालांकि एक अन्य UAPA मामले में पंजाब सरकार के आग्रह पर वो असम की डिब्रूगढ़ जेल में ही बंद हैं.

14 नवंबर को दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे अमृतपाल

वकील के मुताबिक 14 नवंबर को दादी चरण कौर का अंतिम संस्कार किया जाना है. इसमें सांसद अमृतपाल सिंह शामिल होंगे. वहीं 15 नवंबर को अस्थियों को जल में प्रवाहित करना और उसके बाद श्री अखंड पाठ साहिब का आरंभ होना है. इसके अलावा 17 नवंबर को अंतिम अरदास होगी.

अंतरिम जमानत के लिए अर्जी की गई थी दायर

सांसद अमृतपाल सिंह के वकील की ओर से कोर्ट में 4 दिन की अंतरिम जमानत के लिए अर्जी दायर की गई थी. इस मामले में अमृतसर की अदालत में सुनवाई हुई, जिसके बाद कोर्ट ने पारिवारिक और मानवीय परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें राहत दी. अर्जी में दलील दी गई थी कि गंभीर मामलों में बंदियों को भी पारिवारिक आयोजनों में शामिल होने का अधिकार है.