हथियारों के साथ 2 युवक गिरफ्तार
Punjab ujala news : वर्कशॉप चौक के पास ट्रैफिक पुलिस ने चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार 2 युवकों को संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए रोक लिया। मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगने पर युवकों के आनाकानी करने से पुलिस को शक हुआ। इसके बाद थाना नंबर 2 की पुलिस को मौके पर बुलाया गया। तलाशी के दौरान युवकों से एक अवैध देसी मैगजीन पिस्तौल और 3 जिंदा कारतूस बरामद हुए। थाना नंबर 2 में तैनात ए.एस.आई. बलविंदर सिंह लुभाना ने बताया कि आरोपियों की पहचान गुरविंदर सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी जगजीत नगर, हमीरा तथा जय राम पुत्र गणेश मंडल निवासी दाना मंडी के निकट, हमीरा, जिला कपूरथला के रूप में हुई है। पुलिस ने गुरविंदर सिंह की कमर से देसी पिस्तौल और जय राम की पैंट की जेब में रखे प्लास्टिक के लिफाफे से 3 जिंदा कारतूस बरामद किए।
पुलिस के अनुसार जांच में सामने आया कि गुरविंदर सिंह के खिलाफ कपूरथला जिले के विभिन्न थानों में चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास का मामला भी शामिल है। बताया गया कि गुरविंदर के भाई लवप्रीत सिंह की हमीरा निवासी विक्की के साथ रंजिश थी।इसी रंजिश के चलते विक्की पर गोली चलाई गई थी, जिसमें वह घायल हो गया था। इस मामले में गुरविंदर, लवप्रीत और उनके साथियों के खिलाफ थाना सुभानपुर में केस दर्ज हुआ था। पुलिस का दावा है कि गुरविंदर से बरामद पिस्तौल इसी गोलीबारी में इस्तेमाल हुई थी।
वहीं पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से 15 हजार रुपए में हथियार खरीदा था। वहीं, जय राम के खिलाफ भी 3 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नंबर 2 में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। अदालत ने दोनों का दो दिन का पुलिस रिमांड दिया था। रिमांड समाप्त होने के बाद पुलिस ने उन्हें कपूरथला जेल भेज दिया।
