दीवाली से पहले जालंधर पुलिस अलर्ट
Punjab ujala news : दीवाली के त्यौहार को देखते हुए शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्यौहार के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इस संबंध में पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं।
पुलिस कमिश्नर ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से आंतरिक बाजारों और उन स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया है, जहां दीवाली के दौरान बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचते हैं। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को कहा गया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यौहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा के लिए पुलिस कमिश्नर अगले सप्ताह अधिकारियों के साथ विशेष बैठक करेंगे। इसमें बाजारों और संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा योजना के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दीवाली के दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल में खरीदारी की सुविधा देना है।
