Ludhiana में हनुमान जी की मूर्ति पर पथराव
Punjab ujala news : शाहपुर रोड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल ‘श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर’ में एक सिरफिरे व्यक्ति द्वारा घोर अनादर और धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने की शर्मनाक करतूत सामने आई है। आरोपी ने मंदिर परिसर के भीतर स्थापित श्री हनुमान जी की पावन मूर्ति पर अपमान करने की दुर्भावना से ईंट दे मारी और हिंदू धर्म के खिलाफ सरेआम भद्दे व अपमानजनक शब्द कहे। धार्मिक स्थल की मर्यादा तार-तार करने और श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने की इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
शशिकांत के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए आरोपी मोहम्मद यईया खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने की संगीन धाराओं में मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को दर्ज करवाए गए आधिकारिक बयानों में शशिकांत ने बताया कि शाहपुर रोड स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। उसी दौरान आरोपी ग़लत इरादे से मंदिर परिसर में दाखिल हुआ। उसने बिना किसी उकसावे के हाथ में उठाया हुआ ईंट का रोड़ा सीधे भगवान श्री हनुमान जी की पवित्र मूर्ति की तरफ फेंका, जिससे मूर्ति को आघात पहुंचा और उसका घोर अपमान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों और शिकायतकर्ता के अनुसार, मूर्ति पर ईंट का टुकड़ा फेंकने के बाद भी आरोपी शांत नहीं हुआ। उसने वहां मौजूद श्रद्धालुओं के सामने हिंदू धर्म और देवी-देवताओं के प्रति बेहद अशोभनीय, भड़काऊ और घटिया अपशब्द बोले। आरोपी की इस हरकत से मंदिर में नतमस्तक होने आए भक्तों और सनातन समाज की धार्मिक भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची। लोगों के विरोध करने और इकट्ठा होने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना के तुरंत बाद मुद्दई ने मंदिर प्रबंधन के सहयोग से स्थानीय पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
