रामामंडी में जाम से राहत की तैयारी
Punjab ujala news : रामामंडी में ट्रैफिक जाम की समस्या से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। हाईवे पर बसों और सवारियों को उतारने-चढ़ाने वाले वाहनों के मेन रोड पर रुकने से लगने वाले जाम को कम करने के लिए सर्विस लेन को चौड़ा किया जाएगा। आर्मी कैंपस के पास बस स्टॉप वाली सर्विस लेन की चौड़ाई बढ़ाकर करीब 15 फीट की जाएगी। इससे बसों के रुकने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है।
उक्त फैसला जिला रोड सेफ्टी कमेटी की बैठक में लिया गया। डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सर्विस लेन को चौड़ा करने का काम जल्द शुरू करवाने के लिए एनएचएआई को डीओ लेटर भेजने के निर्देश दिए गए। इसके बाद सर्विस लेन का डिजाइन तैयार किया जाएगा और प्रशासनिक मंजूरी व निर्माण टेंडर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
एनएच-44 की खराब हालत का मुद्दा भी उठा
बैठक में पीपीपी चौक से विधिपुर फाटक तक एनएच-44 की खराब हालत का मुद्दा भी उठाया गया। रोड सेफ्टी कमेटी के सदस्य सुरिंदर सैनी ने इस हिस्से की सड़क को जल्द ठीक करवाने की मांग रखी। सके अलावा ट्रांसपोर्ट नगर, संत वॉल्व, अमन नगर, आईओसी और लांबा पिंड चौक के पास पानी की पाइपलाइन डालने के लिए तोड़ी गई सर्विस लेन की हालत सुधारने पर भी चर्चा हुई। इन जगहों पर इंटरलॉकिंग टाइलों का काम धीमी गति से चलने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।
