फरीदकोट जेल में मोबाइल और नशे की खेप बरामद
Punjab ujala news : केंद्रीय जेल फरीदकोट में जेल प्रशासन की ओर से की गई तलाशी के दौरान अलग-अलग बैरकों से बंदियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा एक बंदी से 30 नशीली गोलियां भी बरामद की गईं। दोनों मामलों में थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने कुल 11 व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार केंद्रीय जेल फरीदकोट के सहायक सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह ने जेल गारद के साथ विभिन्न बैरकों की तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग बंदियों के कब्जे से 20 मोबाइल फोन बरामद हुए। जेल प्रशासन ने मामले की सूचना थाना सिटी फरीदकोट पुलिस को दी। इस मामले में बलजीत सिंह निवासी संजय नगर, फरीदकोट, मंगलदीप सिंह निवासी अर्नीवाला, फाजिल्का, लवप्रीत सिंह निवासी श्री मुक्तसर साहिब, जसविंदर सिंह निवासी शेरपुर तायबा, साउथ मोगा, अमनदीप सिंह निवासी सुकदचक, फाजिल्का, गोल्डी निवासी चकरवाले झुग्गे, फाजिल्का, तीर्थ सिंह निवासी ऐगढ़ (मुबारकपुर), साउथ मोगा, हरमिंदर हिंद सिंह निवासी जै सिंह वाला, मोगा, जसकरण सिंह निवासी पाला सिंह रोड, धर्मकोट, मोगा तथा प्रितपाल सिंह निवासी अर्नीवाला, फाजिल्का के नाम शामिल हैं।
वहीं, जेल गारद द्वारा एक बंदी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 30 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में सहायक सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह की शिकायत पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने गुरजीत सिंह निवासी खूनी मस्जिद के नजदीक, पुराना मोगा के खिलाफ एन.डी.पी.एस. एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन और नशीली गोलियां कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन और नशीली गोलियां जेल परिसर के अंदर कैसे पहुंचीं और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं। दोनों मामलों में पुलिस द्वारा अगली कार्रवाई की जा रही है।
