Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • 200 लीटर खुला तेल और बोतलें जब्त

200 लीटर खुला तेल और बोतलें जब्त

Punjab ujala news : त्यौहारों के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की ओर से मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत तपा मंडी में कार्रवाई की गई। फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने एक स्थान पर छापेमारी कर करीब 200 लीटर खुला सरसों का तेल तथा बोतलों में भरा 27 लीटर तेल बरामद कर उसे सील कर दिया।

फूड सेफ्टी इंस्पैक्टर चरणजीत सिंह सहोता ने बताया कि विभाग को मुखबिर के माध्यम से इस संबंधी सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान वहां खुला सरसों का तेल मिला, जबकि कुछ तेल बोतलों में भरकर उन पर बठिंडा की एक कंपनी के रैपर लगाए हुए थे।

फूड सेफ्टी अधिकारी के अनुसार प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित विक्रेता के पास फूड सेफ्टी लाइसैंस नहीं था। इसके अलावा वह बाहर से तेल लाकर बिना बिलों के बेचता था। अधिकारी ने बताया कि तेल की बोतलों पर कथित तौर पर दूसरी कंपनी के रैपर लगाकर बेचने की बात भी सामने आई है।

चरणजीत सिंह सहोता ने बताया कि तेल के सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और बरामद किया गया सारा सामान सील कर दिया गया है। सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद नियमों के अनुसार अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही आसपास के कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटी या गैर-मानक खाद्य पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।