Search for:
  • Home/
  • Punjab/
  • पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम का Action

पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम का Action

Punjab ujala news : महानगर की सड़कों पर रोजाना लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से आम जनता को राहत दिलाने के लिए लुधियाना पुलिस कमिश्नरेट और नगर निगम ने साझा मोर्चा खोल दिया है। शहर के प्रमुख बाजारों, चौराहों और मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक की रफ्तार को निर्विघ्न बनाए रखने के लिए एक विशेष अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस और निगम की इनफोर्समेंट टीमों ने सड़कों और फुटपाथों पर दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी वालों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटवाया और रास्ता साफ कराया। अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि पैदल चलने वालों के हक पर डाका डालने और सड़कों को संकरा करने वालों के खिलाफ अब किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

सड़कों और फुटपाथों पर सजे सामान को हटवाया, कब्जा मुक्त कराए मार्ग :-
अभियान के दौरान पुलिस और निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों का दौरा किया।अक्सर देखा जाता है कि बाजारों में दुकानदार अपनी दुकानों का सामान कई-कई फीट बाहर फुटपाथों और मुख्य सड़कों पर सजा देते हैं। वहीं, रही-सही कसर अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ियां और फड़ियां पूरी कर देती हैं, जिससे सड़कें संकरी हो जाती हैं और पीक आवर्स में लंबा जाम लग जाता है। संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क पर रखे सामान, तख्तों, बोर्डों और अवैध ठेलों को तुरंत पीछे हटवाया और कई जगहों पर चेतावनी देकर अतिक्रमण साफ कराया।

डीसीपी अरविंद मीणा की दो टूक: व्यवस्था सुधारने के लिए सहयोग करें दुकानदार :-
मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीसीपी अरविंद मीणा ने बताया कि शहर में सुगम यातायात बहाल करना पुलिस और प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मीणा ने कहा कि सड़कों पर सुचारू ट्रैफिक प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने सभी व्यापारियों, दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे सड़कों और पैदल यात्रियों के लिए बने फुटपाथों पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करें। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे अपने सामान को तय हद के भीतर ही रखें और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने में पुलिस प्रशासन का सक्रिय सहयोग करें।

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई, जब्त होगा सामान :- 
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई महज एक दिन का दिखावा नहीं है, बल्कि आने वाले दिनों में इसे और तेज किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी दुकानदार या वेंडर ने दोबारा सड़क पर अतिक्रमण करने की कोशिश की, तो उसका सामान जब्त करने के साथ-साथ भारी चालान काटा जाएगा और संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि आम नागरिकों और राहगीरों को जाम के झाम से निजात दिलाने के लिए शहर के तमाम व्यस्ततम रूटों पर निरंतर निगरानी रखी जाएगी।