जालंधर में बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना
Punjab ujala news : जालंधर बस्ती शेख के उजाला नगर में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर नकदी, मोबाइल फोन, चांदी के गहने और घर की टूटियां चोरी कर लीं। वारदात के समय परिवार हिमाचल प्रदेश में माता चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेकने गया हुआ था। इसी दौरान चोर दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर सामान लेकर फरार हो गए। परिवार को चोरी का पता घर लौटने पर चला। पीड़ित सूरज प्रकाश ने बताया कि वह माता चिंतपूर्णी के दरबार गया था और इसके बाद अपने भाई के घर चला गया। जब वह वापस अपने घर पहुंचा तो अलमारी का ताला टूटा हुआ था। सामान की जांच करने पर पता चला कि चोर 5 हजार रुपये नकद, करीब 24 हजार रुपये का मोबाइल फोन, चांदी के गहने और घर की टूटियां चोरी कर ले गए। सूरज प्रकाश ने बताया कि वह कपड़े का काम करता है। परिवार के मुताबिक, बच्चों की फीस जमा करवाने के लिए रखे गए पैसे भी अलमारी में मौजूद थे, जिन्हें चोर ले गए। परिवार ने कहा कि वे मेहनत-मजदूरी कर अपना घर चला रहे हैं और चोरी की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय निवासी सोनू चौहान ने इलाके में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे की आपूर्ति के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने की आशंका है। उन्होंने एक अन्य घटना का जिक्र करते हुए बताया कि बस्ती के कुछ लोग सैर के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में उन्हें घेरकर मारपीट भी की गई थी। सोनू चौहान ने कहा कि वेस्ट हलके में चोरी की वारदातों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों में डर का माहौल है। उन्होंने प्रशासन से इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की।घटना के बाद पीड़ित परिवार ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे जांच अधिकारी ने परिवार को थाना नंबर 5 में शिकायत दर्ज करवाने के लिए कहा। पीड़ित परिवार ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और चोरी का सामान बरामद करने की गुहार लगाई है।
