केंद्रीय जेल लुधियाना में अचानक Raid
स्थानीय केंद्रीय जेल में बंद अपराधियों और हवालातियों द्वारा जेल नियमों की धज्जियां उड़ाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जेल प्रशासन द्वारा की गई अचानक चेकिंग के दौरान दो हवालातियों के कब्जे से नशीला पदार्थ और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जेल अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पर्चा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय जेल लुधियाना के सहायक सुपरिटेंडेंट बलिहार सिंह ने बताया कि बीते दिनों जेल परिसर और बैरकों में अचानक तलाशी अभियान चलाया गया था। चेकिंग के दौरान वहां बंद हवालाती सोनू ठाकुर और कुलविंदर सिंह की तलाशी लेने पर उनके पास से 34 ग्राम सफेद रंग का नशीला पदार्थ (हेरोइन/चिट्टा) और 5 मोबाइल फोन (विभिन्न ब्रांड्स के) बरामद हुए।
जेल प्रशासन का कहना है कि उच्च सुरक्षा वाली जेल के अंदर नशीला पदार्थ और मोबाइल फोन रखना जेल नियमों का गंभीर उल्लंघन है। सहायक सुपरिटेंडेंट के बयानों और पत्र के आधार पर स्थानीय थाना पुलिस ने दोनों आरोपी हवालातियों सोनू ठाकुर और कुलविंदर सिंह के खिलाफ प्रिजन एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत मुकद्दमा दर्ज कर लिया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि जेल की सलाखों के पीछे मोबाइल और नशीला पदार्थ पहुंचाने में किन बाहरी या अंदरूनी तत्वों का हाथ था।
