एक बार फिर सुर्खियों में Central Jail
केंद्रीय मॉडर्न जेल फरीदकोट में अचानक की गई तलाशी के दौरान एक हवालाती के पास से टच स्क्रीन मोबाइल फोन और बी.एस.एन.एल. की सिम बरामद होने के बाद सिटी कोतवाली फरीदकोट पुलिस ने 9 हवालातियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेल के सहायक सुपरिटेंडेंट वीरपाल सिंह की शिकायत पर दर्ज मामले के अनुसार 3 अगस्त की शाम जेल गार्ड ने ब्लॉक नंबर-5 की बैरक नंबर-14 में औचक तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान हवालाती अर्पनप्रीत निवासी मोहनी पार्क, जिला अमृतसर के कब्जे से एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन और BSNL की सिम बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान अर्पनप्रीत ने कथित तौर पर खुलासा किया कि बरामद मोबाइल फोन का इस्तेमाल उसी बैरक में बंद अन्य हवालाती भी करते थे। इसके बाद पुलिस ने अर्पनप्रीत के अलावा योगेश शर्मा निवासी गोबिंदगढ़ बस्ती (जिला मोगा), हरजीत सिंह निवासी साधां वाली बस्ती (जिला मोगा), हरमिंदर सिंह निवासी जय सिंह वाला (जिला मोगा), मनप्रीत सिंह (हाल निवासी केंद्रीय मॉडर्न जेल फरीदकोट), मनप्रीत सिंह निवासी डोडवा (जिला सोनीपत, हरियाणा), सतनाम सिंह निवासी राजेआणा (जिला मोगा), जशनप्रीत सिंह निवासी राजेआणा (जिला मोगा) तथा सुखदीप सिंह निवासी चंद पुराना लंघेआणा नीवां (जिला मोगा) के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि मोबाइल फोन जेल के अंदर किस माध्यम से पहुंचा। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
