Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • भाजपा विधायक के घर के पास धमाके की आवाज

भाजपा विधायक के घर के पास धमाके की आवाज

Punjab ujala news : पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पठानकोट से विधायक अश्विनी शर्मा के घर के बाहर गत दिन दोपहर तेज धमाके की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं धमाके से आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षा गार्ड ने लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस, खुफिया एजैंसियां, फोरैंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंच गए तथा पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।

अश्विनी शर्मा सुबह करीब 4.30 बजे अपने निवास से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए थे। दोपहर करीब 1.30 बजे उनके घर से लगभग 50 मीटर की दूरी पर तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में स्थानीय युवक संदिग्ध गतिविधियों में दिखा, जिसकी विधायक के निवास के पास दुकान है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया।

एस.पी. सुखविंदर पाल सिंह ने बताया कि अभिषेक किराना दुकान चलाने के साथ प्रॉपर्टी का काम भी करता है। उसके पास एक साधारण पटाखा था, जिसे उसने पहले एक खाली प्लॉट में चलाने की कोशिश की, लेकिन नमी के कारण वह नहीं फटा। इसके बाद उसने दूसरे प्लॉट में दोबारा आग लगाई।

पटाखा फटने से तेज आवाज हुई और उसकी चिंगारी से पास खड़ी कार के शीशे पर लगने सन प्रोटैक्टर जल गया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसे यह पटाखा प्रॉपर्टी देखने के दौरान एक खाली मकान से मिला था। यह सामान्य पटाखा था, जिसके अवशेष पुलिस ने मौके से बरामद कर लिए। एस.पी. ने बताया कि विधायक के घर के बाहर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है।

युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बताया कि उसने यह केवल शौक के तौर पर चलाया था। पुलिस जल्द सी.सी.टी.वी. फुटेज सार्वजनिक करेगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री या आतंकी साजिश के संकेत नहीं मिले हैं।

जांच में सामने आया कि पटाखा चलने के बाद युवक खुद अन्य लोगों के साथ मौके पर मौजूद रहा और पुलिस के साथ घटनास्थल पर घूमता रहा, लेकिन डर के कारण उसने शुरूआत में अपनी भूमिका नहीं बताई। सी.सी.टी.वी. फुटेज के आधार पर पूछताछ में घटना स्वीकार कर ली। थाना डिवीजन नंबर-1 की प्रभारी अमनदीप कौर ने बताया कि युवक से लिखित माफीनामा लिया जाएगा।