जालंधर में युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर दी जान
शहर के शिव नगर इलाके में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां एक युवक ने ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान नीतीश कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, नीतीश का कुछ लोगों के साथ विवाद हुआ था। इसके कुछ समय बाद उसने कथित तौर पर ट्रेन के आगे आकर अपनी जान दे दी। घटना स्थल उसके घर के सामने ही बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि नीतीश के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की थी और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका कहना है कि घटना से पहले हुई कथित मारपीट से वह मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। परिजनों का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उसकी टी-शर्ट तक फाड़ दी गई थी।
नीतीश की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है। उसकी पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे चार वर्षीय एक बच्चे को छोड़ गया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि इलाके के कुछ लोगों की गतिविधियों को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई और मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान दर्ज कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
