राशन कार्ड धारकों के लिए नई अपडेट!
Punjab ujala news : केंद्र सरकार ने राशन कार्ड धारकों के लिए अनाज सब्सिडी की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करते हुए एक जालाई से सब्सिडी जारी करने का तरीका बदल दिया है। अभी तक जो सब्सिडी सीधे आधार से जुड़े बैंक अकाउंट में भेजी जाती थी, वह अब सिर्फ ‘P.N.B. Digital Rupee’ ऐप के जरिए दी जाएगी। इसलिए सभी योग्य लाभपात्रों को शुक्रवार तक ऐप डाउनलोड करके रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा करने को कहा गया है। अगर यह प्रोसेस तय समय तक पूरा नहीं हुआ, तो उनकी अनाज सब्सिडी रोकी जा सकती है। इस नई व्यवस्था को आसानी से लागू करने के लिए प्रशासन शहर के अलग-अलग कम्युनिटी सेंटर्स में रोजाना सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक स्पेशल रजिस्ट्रेशन कैंप लगा रहा है। इन कैंप में अधिकारी लाभपात्रों को ऐप डाउनलोड करने, रजिस्टर करने और दूसरे टेक्निकल प्रोसेस पूरे करने में मदद कर रहे हैं।
30 हजार से अधिक लाभपात्रों ने अभी तक नहीं की रजिस्ट्रेशन
विभाग के आंकड़ों के अनुसार 45 हजार से अधिक राशन कार्ड धारकों ने ‘P. N. B. Digital Rupee’ ऐप डाउनलोड करके अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लिया है। हालांकि अभी भी करीब 30 हजार लाभपात्र इस प्रोसेस से वंचित हैं। सबसे ज्यादा पेंडिंग केस विकास नगर-मौलीजागरां (3,100), मनीमाजरा (आर.आई.एम.टी. स्कूल के पास) 2,400, धनास 2,100 और मलोया 1,900 में हैं। इसके अलावा, सेक्टर-52/कजहेड़ी में 1,100, सेक्टर-56/पलसौरा और रामलीला ग्राउंड बुड़ैल में 900-900, राम दरबार और बापू धाम कॉलोनी में 800-800 और सेक्टर-25 में 500 लाभपात्रों का रजिस्ट्रेशन होना बाकी है।
इन डॉक्यूमेंट्स के साथ कैंप में पहुंचें
फूड सप्लाई डिपार्टमेंट ने साफ किया कि जिन लाभपात्रों ने पहले ही जानकारी जमा कर दी है लेकिन ऐप एक्टिवेट नहीं किया है या जिन्होंने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है, वे अपने आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल फोन के साथ नजदीकी कैंप में पहुंचकर रजिस्ट्रेशन प्रोसेस पूरा करें।
