Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • दफ्तर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई

दफ्तर में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई

Punjab ujala news  : कुछ युवकों ने एक ट्रेडिंग कंपनी के दफ्तर में सरेआम घुसकर न सिर्फ एक कर्मचारी की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि सिर पर रिवाल्वर तानकर उसका कीमती आईफोन भी लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित शिकायतकर्ता रोहित ने बताया कि वह ‘गौतम ट्रेडिंग कंपनी’ में काम करता है। रोज की तरह बीती 12 जून को भी वह अपने दफ्तर के अंदर बैठकर काम निपटा रहा था। इसी दौरान पैसों के लेनदेन के पुराने विवाद को लेकर कुछ हमलावर जबरन दफ्तर के अंदर दाखिल हो गए। अंदर आते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और देखते ही देखते पीड़ित पर टूट पड़े और उसे बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। हंगामे के दौरान जब उसने शोर मचाने का प्रयास किया, तो हमलावरों ने खौफनाक रुख अपनाते हुए अपनी जेब से रिवाल्वर निकाल ली और उसके सिर पर तान दी। मौत का खौफ दिखाकर आरोपियों ने पीड़ित के हाथ से उसका कीमती मोबाइल फोन (एप्पल आईफोन 15) जबरदस्ती छीन लिया। शातिर हमलावर अपनी इस करतूत को छुपाने की पूरी तैयारी के साथ आए थे।

दफ्तर के अंदर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में उनकी यह गुंडागर्दी रिकॉर्ड न हो जाए, इसलिए उन्होंने जाते-जाते दफ्तर में लगे कैमरे भी बेरहमी से तोड़ दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित को दोबारा पुलिस के पास जाने या मुंह खोलने पर जान से मारने की कड़े लहजे में धमकियां देते हुए मौके से फरात हो गए। पीड़ित की शिकायत के बाद थाना मोती नगर की पुलिस ने आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।