मैगी में कीड़े मिलने की शिकायत पर FSSAI सख्त
Punjab ujala news : नेस्ले इंडिया के शेयर शुक्रवार को करीब 3% टूट गए। यह गिरावट उस खबर के बाद आई, जिसमें बताया गया कि भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने मैगी के एक पैकेट में कीड़े या लार्वा मिलने की शिकायत के मामले में कंपनी को नोटिस जारी किया है। इस खबर के बाद नेस्ले इंडिया लिमिटेड का शेयर 43.40 रुपए यानी 3.05 फीसदी की गिरावट के साथ 1378 रुपए के आसपास पहुंच गया।
FSSAI ने नोटिस जारी करते हुए संबंधित बैच के स्रोत और सप्लायर की जानकारी,आंतरिक गुणवत्ता जांच रिपोर्ट तथा ऐसे उत्पादों को बाजार और सप्लाई चेन से हटाने के लिए क्या कदम उठाए गए कदमों का विवरण भी मांगा है। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए उठाए गए उपायों की जानकारी भी मांगी है।
फ्लिपकार्ट और ओपन सिक्रेट को भी नोटिस जारी
एक रिपोर्ट के अनुसार, सोशल मीडिया पर सामने आई उपभोक्ता शिकायतों के आधार पर FSSAI ने अन्य कंपनियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। रेगुलेटर ने फ्लिपकार्ट इंडिया और ओपन सिक्रेट को भी नोटिस जारी किया है। आरोप है कि फ्लिपकार्ट मिनट्स के जरिए डिलीवर किए गए ओपन सीक्रेट अन-जंक्ड डेट्स में कीड़े पाए गए थे।
FSSAI ने दोनों कंपनियों से संबंधित अवधि के गुणवत्ता जांच रिकॉर्ड, उठाए गए सुधारात्मक कदमों और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बनाई गई कार्ययोजना की जानकारी मांगी है।
KFC को भी भेजा नोटिस
इसके अलावा,FSSAI ने आंध्र प्रदेश के एलुरु में MVR मॉल में मौजूद KFCआउटलेट पर साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं को लेकर एक नोटिस जारी किया है। फूड रेगुलेटर ने फूड बिजनेस ऑपरेटर (FBO) से साफ-सफाई, सैनिटेशन, फूड हैंडलिंग, स्टोरेज, वेस्ट मैनेजमेंट, पेस्ट कंट्रोल और कर्मचारियों की हाइजीन से जुड़ी कमियों की पहचान कर रिपोर्ट देने को कहा है। साथ ही, सुधारात्मक कदमों के दस्तावेजी प्रमाण भी मांगे गए हैं।
