तीन दिवसीय हड़ताल पर बैठे रोडवेज कॉन्ट्रैक्ट मुलाजिम
Punjab ujala news : मांगों को लेकर संघर्षरत पंजाब रोडवेज-पनबस/पीआरटीसी कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन ने एक बार फिर सरकार से आर-पार की लड़ाई लड़ने का मन बना लिया है। यूनियन ने राज्य स्तरीय तीन दिवसीय हड़ताल का बिगुल बजाते पहले दिन अमृतसर में गोलबाग रोडवेज डीपू-1 और 2 के बाहर धरना देते चक्का जाम किया। यूनियन प्रधान जोध सिंह ने बताया कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले ठेके पर लगे सभी ड्राइवरों और कंडक्टरों को पक्का करने का आश्वासन दिया था, लेकिन आप सरकार के चार साल पूरे होने के बावजूद आज तक उनको पक्का नहीं किया गया।
किलोमीटर स्कीम के खिलाफ रोष व्यक्त करते यूनियन के सचिव बलजीत सिंह ने बताया कि सरकार महंगा टेंडर ला रही है, किलोमीटर स्कीम के तहत बस का ड्राइवर मालिक का होगा, जिससे सरकार के ड्राइवरों की पोस्ट धीरे-धीरे खत्म हो जाएगी। टेंडर 26 से 30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर पर हो रहा है और तेल का खर्च भी सरकार ही उठाएगी। यहां तक कि किसी वजह से चाहे हड़ताल हो या अन्य कारण अगर किलोमीटर स्कीम की बस नहीं चलती, तब भी सरकार या रोडवेज विभाग को रोजाना 250 किलोमीटर का भुगतान करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2025 से सरकार से किलोमीटर स्कीम को बंद करवाने के लिए विरोध कर रहे है, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। इसलिए यूनियन ने तीन दिन तक हड़ताल पर रहेगी।
