Search for:
  • Home/
  • Crime/
  • फगवाड़ा पुलिस का चोरों पर एक्शन

फगवाड़ा पुलिस का चोरों पर एक्शन

Punjab ujala news : फगवाड़ा पुलिस ने समाज में शरारती तत्वों, लुटेरों और चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। जिला कपूरथला के एस.एस.पी. गौरव तूरा (आई.पी.एस.) के दिशा-निर्देशों पर एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा (पी.पी.एस.) और डीएसपी (सब डिवीजन फगवाड़ा) पलविंदर सिंह (पी.पी.एस.) की योग्य अगुवाई में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दो अलग-अलग चोरी के मामलों को सुलझाकर कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया हैं और उनके कब्जे से चोरी का भारी सामान भी बरामद किया है।

एसपी माधवी शर्मा ने प्रैस को विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पहला मामला थाना रावलपिंडी जिला कपूरथला के अंतर्गत दर्ज किया गया था। बेगमपुर निवासी कमलजीत कौर पत्नी चरणजीत राम ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 11 मई 2026 की रात को अज्ञात चोरों ने उनके घर में घुसकर वाशिंग मशीन, फ्रिज, एलसीडी, दो सिलेंडर, इन्वर्टर, ड्रायर मशीन, जूसर मशीन सहित घर का अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना रावलपिंडी में मुकदमा नंबर 45, दिनांक 12.05.2026 को भारतीय न्याय संहिता (बी.एन.एस.) की धारा 305 (ए) और 331 (4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रावलपिंडी के मुख्य अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच को आगे बढ़ाया और त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान साहिल पुत्र अनिल कुमार , शमशेर सिंह उर्फ मनी पुत्र कुलदीप चंद और गुरजीत सिंह पुत्र दविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो सभी बेगमपुर, थाना रावलपिंडी के निवासी हैं। पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 2 सिलेंडर, एक जूसर मिक्सर मशीन, प्लास्टिक की बोरी, एक एल.सी.डी., एक प्रैस, बाल सुखाने वाली ड्रायर मशीन, एक फ्रिज और चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक लोहे की रॉड बरामद कर ली है। इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों जिनमें ओंकार उर्फ कारी पुत्र तरसेम निवासी बेगमपुर, गोरा निवासी भरो मजारा और सैनी शामिल हैं की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं और उन्हें भी जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इसी अभियान के तहत दूसरा मामला थाना सिटी फगवाड़ा में सुलझाया गया है। अशोक विहार, होशियारपुर रोड फगवाड़ा के निवासी अश्वनी कुमार पुत्र ओम प्रकाश शर्मा की शिकायत पर थाना सिटी फगवाड़ा में मुकदमा नंबर 152, दिनांक 26.05.2026 को बीएनएस की धारा 331(4) और 305 के तहत मामला दर्ज किया गया था। अश्वनी कुमार ने बताया था कि सेंट्रल टाउन फगवाड़ा में उनकी मोबाइल की दुकान है और उनकी दुकान के पीछे मलकपुर निवासी अर्शदीप दादरा पुत्र सुखविंदर राम की भी मोबाइल की दुकान है । 23 और 24 मई 2026 की दरमियानी रात को अज्ञात चोरों ने दोनों दुकानों की छतों पर लगे एयर कंडीशनर (एसी) के एयर कंप्रेसर (आउटर यूनिट) चोरी कर लिए।

थाना सिटी फगवाड़ा के मुख्य अधिकारी की देखरेख में पुलिस ने तकनीकी और जमीनी स्तर पर तफ्तीश करते हुए इस मामले के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राहुल कनौजिया पुत्र रमेश कनौजिया निवासी गली नंबर 3 ए, गुरु नानकपुरा, फगवाड़ा और आशुतोष पुत्र सुरेश कुमार निवासी पहचान नगर, फगवाड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने इन दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए एसी के दोनों आऊटडोर यूनिट पूरी तरह सुरक्षित बरामद कर लिए हैं।