जालंधर में कॉलेज बस पर हमला
Punjab ujala news : जालंधर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉलेज बस को घेरकर छात्र पर हमला करने के मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी हरविंदर सिंह विरक ने बताया कि 28 अप्रैल को सीटी कॉलेज की बस जालंधर से नकोदर की ओर जा रही थी। शाम करीब 5 बजे जियो पेट्रोल पंप, मुद्दां के पास कुछ आरोपियों ने बोलेरो, थार और स्कॉर्पियो सहित कई वाहनों और मोटरसाइकिलों से बस को घेर लिया। इसके बाद आरोपी हथियारों (डंडे, बेसबॉल बैट, हॉकी, किरपान) के साथ बस में घुसे और छात्र हरसाहिल सिंह उर्फ साहिल के साथ मारपीट कर उसे जान से मारने की धमकी दी। घटना से बस में सवार छात्रों और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 13 नामजद और 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। डीएसपी ओंकार सिंह बराड़ और अन्य अधिकारियों की अगुवाई में टीमों ने आधुनिक तकनीक से जांच कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से एक स्कॉर्पियो, थार रॉक्स, एक किरपान (तेजधार हथियार), एक बेसबॉल बैट, तीन लोहे के दातर (तेजधार हथियार) बरामद किए। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें भी काबू कर लिया जाएगा।
