PAP कैंपस में कूड़ा जलाने से फैल रहे गंभीर प्रदूषण को लेकर भाजपा नेता रखेजा ने DC जालंधर को सौंपी शिकायत
Punjab ujala news,जालंधर: एक गंभीर जन-स्वास्थ्य मुद्दे को लेकर आज भाजपा के तेजतर्रार नेता ईंजी रखेजा द्वारा इलाका निवासियों के साथ पहुंचकर जालंधर के डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया जी को एक लिखित शिकायत सौंपी गई, जिसमें PAP कैंपस के अंदर निवासियों एवं अधिकारियों द्वारा लगातार कूड़ा जलाए जाने से फैल रहे प्रदूषण पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में बताया गया कि PAP कैंपस का क्षेत्र खुला होने के साथ-साथ रेलवे लाइनों के बेहद नजदीक स्थित है। वहीं दूसरी ओर इसकी सीमा दीवार के साथ सटे एकता नगर, रामामंडी जैसे रिहायशी इलाके हैं, जहां के निवासी पिछले कई दिनों से कूड़ा जलाने के कारण भारी परेशानी झेल रहे हैं। विशेष रूप से रात के समय जलाए जा रहे कचरे का धुआं घरों के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे छोटे बच्चों, बुजुर्गों और आम नागरिकों को आंखों में जलन, गले में संक्रमण और सांस लेने में दिक्कत जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो रही हैं और एकता नगर में एन.आर.आई निवासी को आ.सी.यू तक में भर्ती करवाना पड़ा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि जहां एक ओर पराली जलाने के खिलाफ सख्त निर्देश और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इस तरह का अनियंत्रित और अनावश्यक कूड़ा जलाना प्रशासन की अनदेखी को दर्शाता है, जिससे आम जनता में रोष व्याप्त है।

शिकायत के माध्यम से प्रशासन से मांग की गई है कि इस गंभीर मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों और प्रदूषण नियंत्रण विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य की रक्षा की जा सके।
इस पूरे मामले में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष इंजी. चंदन राखेजा ने अहम भूमिका निभाते हुए इलाके के निवासियों की आवाज को माननीय डिप्टी कमिश्नर तक पहुंचाया। उन्होंने प्रशासन से इस विषय पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करने की मांग भी की है।
स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का शीघ्र समाधान करेगा और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाएगा। इस मौके रखेजा के साथ मंडल महासचिव गुरमीत सिंह, भाजपा नेता नवीन प्रभाकर, मंडल सचिव संदीप पठानिया,करन शर्मा, और अन्य इलाका निवासी मौजूद थे।
