जालंधर के एक गोदाम में लगी भीषण आग
Punjab ujala news : शहर के वेस्ट इलाके में काला सिंघा रोड के पास गांव कादियां में एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं और आसमान में धुएं का गुबार छा गया।
सूचना मिलने के 1 घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ियां
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक सुबह गोदाम में आग लगी देखी, जिसे लोगों द्वारा बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन आग ने जल्दी ही विकराल रूप ले लिया। पास में रहने वाले एक व्यक्ति ने रोते-बिलखते बताया कि आग में उसका घर भी जल गया और सब कुछ राख हो गया। पीड़ित परिवारों का कहना है कि आग लगने की सूचना देने के बावजूद दमकल की टीम करीब एक घंटे बाद पहुंची, जिससे नुकसान ज्यादा हो गया।
जान बचाने के लिए दूर भागने लगे लोग
इस हादसे में एक बाइक समेत काफी सामान जलकर राख हो गया। आग बढ़ती देख लोग अपनी जान बचाने के लिए मौके से दूर भागने लगे। फिलहाल मौके पर दमकल विभाग की करीब 5 गाड़ियां पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं, लेकिन आग ज्यादा होने के कारण काबू पाने में दिक्कत आ रही है। वहीं घटनास्थल पर पुलिस भी पहुंच गई है और हालात पर नजर रख रही है।
