जालंधर ANTF की बड़ी कार्रवाई
Punjab ujala news : एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके से एक युवक को 1 किलो 264 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान करनदीप सिंह उर्फ करन निवासी गुरु तेग बहादुर नगर, मेहता रोड अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पढ़ाई में सिर्फ 5वीं तक शिक्षित है और पहले कारपेंटर का काम करता था, लेकिन बाद में नशे की लत लगने के कारण तस्करी के धंधे में उतर गया। यह कार्रवाई एडीजीपी नीलाभ किशोर के निर्देशों तथा एआईजी जगजीत सिंह सरोआ और डीएसपी बिक्रमजीत सिंह की निगरानी में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर एएसआई कुलदीप सिंह की अगुवाई में टीम ने जंडियाला गुरु स्थित ग्रीन एवेन्यू कॉलोनी में घेराबंदी कर आरोपी को काबू किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1.264 किलो हेरोइन बरामद की है। उसके खिलाफ थाना मोहाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उस पर नशा तस्करी के अलावा अवैध हथियार रखने और मारपीट के भी केस दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
