जालंधर-लुधियाना में 2 पेट्रोल पंप बंद
Punjab ujala news : अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर अब पंजाब में भी देखने को मिल रहा है। संभावित संकट की आशंका से लोग पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पंपों पर उमड़ पड़े हैं, जिससे कई जगहों पर लंबी कतारें लग गई हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आई है कि, जालंधर और लुधियाना में एक-एक पेट्रोल पंप बंद हो गया है। पंपों पर तेल खत्म होने के बाद वहां रस्सियां लगा दी गई है।
अफवाहों से भगदड़ मची
सूत्रों के मुताबिक, गत वीरवार की रात अमृतसर, मोगा, होशियारपुर और जालंधर में फ्यूल की कमी की अफवाह फैल गई थी, जिसके बाद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और पंपों पर भीड़ बढ़ने लगी।
जालंधर के एक पेट्रोल पंप बंद
जालंधर में स्थिति कुछ ज्यादा ही गंभीर नजर आई, जहां BMC चौक के नजदीक एक पेट्रोल पंप पर तेल खत्म हो गया। इसके बाद पंप को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। पंप पर काम करने वाले कर्मचारी सुदर्शन सिंह के अनुसार, कुछ समय पहले ही पेट्रोल पूरी तरह समाप्त हो गया था। उन्होंने बताया कि सप्लाई में देरी के कारण स्टॉक समय पर नहीं पहुंच सका, जिस वजह से पंप को बंद करना पड़ा। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक किसी तरह की आधिकारिक कमी की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन लोगों में बनी हुई घबराहट के चलते ईंधन की मांग अचानक बढ़ गई है। हालाकि, प्रशासन की ओर से भी लोगों को शांत रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करने की सलाह दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
लुधियाना में पंप बंद
वहीं दूसरी तरफ लुधियाना में भी एक पेट्रोल पंप बंद कर दिया गया है। जिले में लोग अपने वाहन लेकर पंपों पर लंबी-लंबी कतारे लगाकर खड़े हैं। इस दौरान लुधियाना के भारत नगर चौक के पास पेट्रोल पंप को बंद कर दिया गया है, वहां पर भी पेट्रोल खत्म हो गया है। जिले में ये भी कहा गया है कि, अब सिर्फ वाहनों में ही पेट्रोल मिलेगा। कैनी व बोतलों में पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा।
